भीलवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में जिला स्तरीय चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की संस्था प्रधान सुनीता नानकानी ने की। प्रतियोगिता में जिले के 13 पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में 26 तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “इस सदन की सम्मति में वर्तमान भारत 25 करोड़ बच्चों के सपनों को साकार करने में सक्षम है” रखा गया। इसमें पीएम श्री विद्यालय, मांडलगढ़ के राघव गर्ग ने प्रथम तथा पीएम श्री विद्यालय, आसींद की सोनाक्षी मेवाड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “मेरा सपना, मेरा भारत” रहा। इसमें पीएम श्री विद्यालय, बापू नगर की जान्हवी जंगम ने प्रथम तथा पीएम श्री विद्यालय, गुलाबपुरा की खुशी बैरवा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि परियोजना अधिकारी नीरज गंगवाल रहे। उन्होंने विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका अरुण शर्मा, दिनेश शर्मा (प्रधानाचार्य), विद्या टेलर, रेखा शर्मा, संजू शर्मा एवं महेंद्र सिंह धायल ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता सनाढ्य ने किया। अंत में संस्था प्रधान सुनीता नानकानी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
