मालवा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण, मावा बर्फी व बूंदी के लड्डू के नमूने लिए
भीलवाड़ा। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जिले में सघन निरीक्षण एवं कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मिलावट एवं अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विभागीय टीमें जिले में लगातार निगरानी कर रही हैं।
सीएमएचओ डाॅ. शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान रायला चैराहे स्थित मालवा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। यहां मावा बर्फी एवं बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। साथ ही करीब 240 किलोग्राम मिठाई, रसगुल्ले, नमकीन एवं चाशनी मौके पर ही नष्ट करवाई गई। साथ ही फर्म को कमियां सुधारने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान बनेड़ा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बनवारी लाल यादव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रैगर, विजय कुमार मेहता एवं अंकित शर्मा कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।
मांडल में भी लिए खाद्य सामग्री के नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने मांडल स्थित पटवारी सुपर बाजार का निरीक्षण कर एक्ट में मिर्च पाउडर एवं नॉन-एक्ट में हल्दी पाउडर का नमूना लिया। वहीं, लड्डा किराणा स्टोर, मांडल से एक्ट में सरस घी का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए अजमेर प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, संजय वर्मा एवं कुलदीप चैधरी मौजूद रहे।
आमजन से भी की अपील
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण एवं समाप्ति तिथि अवश्य जांचें। संदिग्ध अथवा अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
