रामपुरा आगुचा खदान में 40वें खान सुरक्षा सप्ताह के तहत फर्स्ट एड प्रतियोगिता आयोजित, 43 टीमों ने लिया हिस्सा

खबर को शेयर करे :-

सामूहिक सीपीआर प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षा का दिया संदेश, विजेता टीमों को किया सम्मानित

भीलवाड़ा । खदानों में किसी भी दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति के दौरान शुरुआती कुछ मिनट जीवन बचाने में बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसी उद्देश्य से प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन तैयारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हिंदुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा खदान में 40वें खान सुरक्षा सप्ताह के तहत फर्स्ट एड प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न संस्थानों की 43 टीमों ने भाग लेकर अपने प्राथमिक चिकित्सा ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण सामूहिक सीपीआर प्रदर्शन रहा, जिसके माध्यम से समय पर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराकर जीवन बचाने का संदेश दिया गया।

खबर प्रसार टाइम्स

खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में मंगलम सीमेंट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डीजीएमएस अजमेर क्षेत्र-2 के डीजीएम मोहम्मद जावेद आलम, रामपुरा आगुचा क्लस्टर के आईबीयू सीईओ राम मुरारी, 40वें खान सुरक्षा सप्ताह संघ के उपाध्यक्ष बजरंग लाल, रामपुरा आगुचा खदान के यूनिट हेड विकेश चित्तौड़ा, हेड सेफ्टी वेदांत तिवारी, खान प्रबंधक बसंत किशोर महंत, संघ के सचिव सतीश कुमार तथा प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक एससी सारस्वत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद विभिन्न संस्थानों की प्रतिभागी टीमों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट के माध्यम से टीमों ने अनुशासन, एकजुटता और कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इसके बाद डीजीएमएस अजमेर क्षेत्र-1 एवं 2 के मार्गदर्शन और निगरानी में प्राथमिक चिकित्सा प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता के दौरान टीमों ने प्राथमिक उपचार, आपातकालीन प्रतिक्रिया और जीवन रक्षक तकनीकों से संबंधित अपने प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक दक्षता का प्रदर्शन किया। सामूहिक सीपीआर प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान प्रतिभागियों ने सीपीआर की प्रक्रिया का सामूहिक प्रदर्शन कर आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता और समय पर सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया। आयोजकों के अनुसार, इस प्रदर्शन ने नया रिकॉर्ड भी बनाया।

प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर पुरस्कार वितरण समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों और स्वयंसेवकों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में मंगलम सीमेंट की आयोजन समिति के सदस्य रमेश चौधरी, अश्विनी कुमार, विनय हाड़ा, राजाराम चीता और कुलदीप शर्मा का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता में हिंदुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा एवं कायड़ माइंस, मंगलम सीमेंट, ओएनजीसी, श्री सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और एनएलसी के चिकित्सकों एवं प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया।

इस प्रतियोगिता ने विभिन्न संस्थानों की टीमों को प्राथमिक चिकित्सा संबंधी ज्ञान और अनुभव साझा करने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने का अवसर प्रदान किया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा के प्रति सजगता, समय पर प्रशिक्षण, आपसी तालमेल और त्वरित प्राथमिक चिकित्सा किसी भी आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षा का मजबूत आधार बन सकते हैं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड