बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने हाथों से प्रदान किया ‘मानसिंगका रत्न अवार्ड’, समारोह में परिवार के 250 सदस्य और अनेक अतिथि रहे मौजूद
वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन में 21 नवंबर को मानसिंगका परिवार के लिए यादगार और गौरवपूर्ण अवसर रहा। परिवार की ओर से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा के लिए नवनिर्मित 50 कमरों वाली भव्य धर्मशाला ‘कमला पैलेस’ का शुभारंभ धार्मिक एवं उत्सवी माहौल में किया गया। इसी अवसर पर परिवार के वरिष्ठ सदस्य महावीर प्रसाद मानसिंगका का 99वां जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समारोह में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की विशेष उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया, जब पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने हाथों से महावीर प्रसाद मानसिंगका को ‘मानसिंगका रत्न अवार्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित परिवारजनों एवं अतिथियों ने करतल ध्वनि के साथ उनका अभिनंदन किया।
समारोह में मानसिंगका परिवार के करीब 250 सदस्य और अनेक अतिथि शामिल हुए। सभी ने महावीर प्रसाद मानसिंगका को 99वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
परिवार की ओर से वृंदावन में निर्मित ‘कमला पैलेस’ में 50 कमरे बनाए गए हैं। धर्मशाला का उद्देश्य देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। परिवार का यह प्रयास धार्मिक आस्था के साथ सेवा और परोपकार की परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
200 वर्षों से समाजसेवा और धर्मसेवा में सक्रिय है परिवार
उल्लेखनीय है कि मानसिंगका परिवार 200 वर्षों से अधिक समय से राजस्थान के भीलवाड़ा में निवास करते हुए समाजसेवा, धर्मसेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। परिवार की ओर से बद्रीनाथ धाम से लेकर उज्जैन, वृंदावन और सालासर बालाजी सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशालाओं का निर्माण करवाया गया है।
परिवार की सेवा गतिविधियां धार्मिक स्थलों तक ही सीमित नहीं हैं। जरूरतमंद लोगों को प्रतिदिन निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवाने की सेवा भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से करीब 15 हजार जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। हाल ही में पुष्कर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था करवाना भी परिवार की सामाजिक प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
समारोह में मौजूद परिवारजनों और अतिथियों ने कहा कि महावीर प्रसाद मानसिंगका का 99वां जन्मदिन, उन्हें ‘मानसिंगका रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया जाना और ‘कमला पैलेस’ धर्मशाला का शुभारंभ एक ही दिन होना परिवार के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को सेवा, संस्कार, परोपकार और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा देता रहेगा।
वृंदावन में आयोजित यह समारोह धार्मिक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और समाजसेवा की भावना का अनूठा संगम बन गया।
