अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए विधायक ने पुलिस को घेरा, वीडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक आई सामने
भीलवाड़ा। विधायक गोपीचंद मीणा और पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच किसी मामले को लेकर तीखी बहस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में विधायक मीणा पुलिस अधिकारियों पर अपराधियों को संरक्षण देने और उनकी ओर से दर्ज कराई गई तीन एफआईआर पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। वहीं, एसपी सागर राणा विधायक से संयम और शालीनता से बातचीत करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में विधायक गोपीचंद मीणा पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहते हैं कि उन्होंने इस मामले में तीन एफआईआर दी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। विधायक का आरोप है कि पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है, जबकि पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पत्रकारों से भी घटनाक्रम का वीडियो बनाने की बात कही।
बहस के दौरान विधायक और पुलिस अधिकारियों के बीच माहौल काफी गर्म हो गया। विधायक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए संबंधित लोगों से बातचीत कराने की मांग की। वहीं, एसपी सागर राणा ने उन्हें समझाते हुए कहा कि वे जनप्रतिनिधि हैं और पुलिस का पूरा जाप्ता उनके सहयोग के लिए मौजूद है। उन्होंने विधायक से सभ्यता और संयम के साथ बात करने की अपील की।
वीडियो में एसपी यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि संबंधित पक्ष के माता-पिता उनके पास बैठे हैं और विधायक चाहें तो उनसे बातचीत करवाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने मौके पर भीड़ एकत्रित नहीं करने की बात भी कही।
इस दौरान दोनों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। विधायक ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी और कथित तौर पर आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए, जबकि एसपी ने पुलिस की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाते हुए बातचीत का तरीका संयमित रखने पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने पुलिस और जनप्रतिनिधि के बीच समन्वय तथा एफआईआर पर कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पूरे मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और तीनों एफआईआर की वर्तमान स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
