भीलवाड़ा, 10 अप्रैल। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में शुक्रवार को ‘ईट राइट इंडिया मिशन’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को संतुलित आहार, स्वच्छ खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
संस्था प्रधान सुनीता नानकानी ने बताया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय में बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) अनिल शर्मा, गोरधन लाल प्रजापत एवं राजवीर सिंह चारण ने कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने ‘Eat Right, Eat Healthy, Eat Sustainable’ की अवधारणा समझाते हुए संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड तथा अधिक नमक, शुगर और वसा युक्त खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। छात्राओं को घर का बना पौष्टिक भोजन, मौसमी फल-सब्जियां और मोटे अनाज अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही फूड लेबल पढ़ने और स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी भी दी गई।
उप प्रधानाचार्य मीनाक्षी सुहील ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में 350 से अधिक छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया। इस दौरान छात्राओं ने पोषण संबंधी प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
