श्री शिव महापुराण कथा के लिए महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में तीव्र गति से तैयारियां जारी
धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार 8 से 14 अप्रेल तक श्री शिव महापुराण कथा श्रवण कराने के लिए आ रहे देश के प्रख्यात कथावाचक ‘कुबेर भण्डारी’ पंडित प्रदीप मिश्रा के भव्य स्वागत अभिनंदन के साथ उनकी कथा श्रवण करने के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए भी व्यापक इन्तजाम किए जा रहे है।
कथा के सूत्रधार संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरी जी महाराज के सानिध्य में श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कुमार जी कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्यामजी सोमानी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीलजी जागेटिया के नेतृत्व में सैकड़ो कार्यकर्ता विभिन्न तरह की व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के लिए समर्पित भाव से जुटे हुए है।
कथा मीडिया प्रभारी निलेश जी कांठेड़ ने बताया शहर के आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक कथा श्रवण करने के लिए भीलवाड़ा जिले के साथ राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों एवं अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने की संभावना है। कथा में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुबह-शाम भोजन की व्यवस्था भी आयोजन समिति द्वारा की जा रही हैै। इसके लिए कथा स्थल के पास पन्नाधाय सर्किल के नजदीक भोजनशाला तैयार की गई है। यहां ईंट व मिट्टी से 12 भट्टियां तैयारियां की जा रही है।
वर्तमान में अमरीका-इरान युद्ध के चलते कॉमर्शियल एलपीजी सिलेण्डर की कमी के चलते इन भट्टियों में ईंध के रूप में लकड़ी का उपयोग ही प्रमुखता से होगा।
आयोजन समिति के भोजन व्यवस्था प्रभारी राजेश जी कुदाल ने बताया कि प्रतिदिन सुबह-शाम करीब 20- 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन का प्रबंध किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर भी कोई परेशानी नहीं आए इसके लिए पहले से प्रबंध किए गए है। भोजन बनाने के लिए 70 से अधिक हलवाई कार्य करेंगे।
भोजन निर्माण से लेकर वितरण तक के कार्य में 250 से अधिक लोगों की टीम सेवाएं देंगी।
प्रतिदिन एक समय के भोजन वितरण में महिला कार्यकर्ताओं की सेवा रहेगी।
कथा स्थल पर भी श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य जरूरी सुविधाओं का इन्तजाम रहेगा। मेडिसिटी ग्राउण्ड पर करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट भूमि पर तीन विशालकाय वाटरप्रूफ डोम एवं पाइप पांडाल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। प्रचण्ड गर्मी से बचाव के लिए पांडाल में कूलर पंखे आदि का प्रबंध रहेगा।
कथा प्रांगण में श्रमदान के माध्यम से सफाई अभियान जारी
कथास्थल आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर सेवा की भावना से स्वेच्छा से श्रमदान कर सफाई का कार्य दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। सुबह 7.15 से 8.15 बजे तक श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कुमार जी कोठारी के नेतृत्व में समिति के सदस्यों एवं आम श्रद्धालुओं ने सफाई कार्य में सेवाएं प्रदान की। श्रमदान करने में बुर्जुगों से लेकर मातृशक्ति तक ने भी पूरा जोश दिखाया। युवा कार्यकर्ता भी उत्साहित दिखे ओर बढ चढ़कर श्रमदान में अग्रणी रहे। महन्त बाबूगिरीजी महाराज ने श्रमदान करने वालों के प्रति मंगलभावनाएं व्यक्त की।
आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम जी सोमानी ने बताया कि शनिवार सुबह भी सुबह 7.15 से 8.15 बजे तक कार्यकर्ता व श्रद्धालु कथा प्रांगण की सफाई व स्वच्छता के लिए श्रमदान करेंगे।
