भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रही श्री शिव महापुराण कथा को लेकर पूरे शहर में भक्ति का माहौल बन गया है। प्रख्यात कथावाचक ‘कुबेर भंडारी’ पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से 8 से 14 अप्रैल तक कथा का आयोजन होगा। इससे पहले 7 अप्रैल को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी।
7 अप्रैल को निकलेगी भव्य कलश शोभायात्रा
शोभायात्रा 7 अप्रैल को शाम 4 बजे राजेंद्र मार्ग स्कूल ग्राउंड से शुरू होगी। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में निकलने वाली इस शोभायात्रा में संत समाज एवं महामंडलेश्वर का भी आशीर्वाद रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक अशोक कोठारी करेंगे।
हजारों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर मातृशक्ति के रूप में शामिल होंगी, जबकि पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगे। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे, हाथी-घोड़े और बग्गियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कथा स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में
आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक कोठारी, कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया के नेतृत्व में आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट क्षेत्र में विशाल वाटरप्रूफ डोम और पाइप पांडाल तैयार किए गए हैं।
यहां प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक लाखों श्रद्धालु कथा श्रवण कर सकेंगे।
इनका रहेगा सानिध्य
शोभायात्रा महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में निकलेगी। साथ ही महामंडलेश्वर एवं संत समाज की उपस्थिति आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करेगी।
सहयोग में जुटे कार्यकर्ता और मातृशक्ति
आयोजन को सफल बनाने में गजानंद बजाज, पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, पवन पंवार, कैलाश सोनी, मनोज शर्मा सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
वहीं मंगल कलश सजावट सहित अन्य तैयारियों में मंजू पोखरना, अलका जोशी, ममता शर्मा, रेखा कंवर, आशा रामावत सहित मातृशक्ति भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही है।
यह रहेगा शोभायात्रा का रूट
राजेंद्र मार्ग स्कूल से प्रारंभ होकर शोभायात्रा एसबीआई बैंक, लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग, मुरली विलास रोड, अंबेडकर सर्किल, सरकारी दरवाजा, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र चौराहा, भूपाल क्लब, पेच एरिया, नेताजी सुभाष मार्केट और संकटमोचन हनुमान मंदिर होते हुए पुनः प्रारंभ स्थल पर पहुंचेगी।
श्रमदान से सज रहा कथा स्थल
मेडिसिटी ग्राउंड पर श्रद्धालु लगातार श्रमदान कर रहे हैं। शनिवार सुबह सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सफाई कर प्रांगण को स्वच्छ बनाया। इसके बाद गौमूत्र का छिड़काव कर स्थल को पवित्र किया गया। समिति के कार्यालय प्रभारी रजनीकांत आचार्य ने बताया कि रविवार सुबह श्रमदान के बाद बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

समिति की अपील
आयोजन समिति ने भीलवाड़ा के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कलश शोभायात्रा में शामिल होकर आयोजन को भव्य बनाने की अपील की है।
