आजाद चौक एवं शहर के नाला-सफाई कार्यों का विधायक अशोक कोठारी ने किया निरीक्षण

खबर को शेयर करे :-

वर्षा पूर्व नालों की समुचित सफाई और निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

भीलवाड़ा, 11 जून। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नाला निर्माण एवं सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विधायक कोठारी ने सबसे पहले रामधाम क्षेत्र में बरसाती नाले का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार सफाई कार्य व्यवस्थित रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके बाद विधायक कोठारी आजाद चौक पहुंचे, जहां स्थानीय व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों ने नालियों के पुनर्निर्माण कार्य में हो रही देरी और अधूरे निर्माण को लेकर नाराजगी व्यक्त की। लोगों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद कई स्थानों पर नालियों का पुनर्निर्माण समय पर नहीं होने से व्यापार और आवागमन प्रभावित हो रहा है।

जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक कोठारी ने मौके पर ही जिला कलेक्टर एवं नगर निगम अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालियों का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित लेवल, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुसार किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने महिला आईटीआई क्षेत्र, रामधाम नाला और शास्त्री नगर नाला सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक कोठारी ने बताया कि गांधी सागर तालाब के आसपास विकसित नई कॉलोनियों का गंदा पानी निकालने के लिए नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे नाले का कार्य सराहनीय है। वहीं शास्त्री नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु गांधी सागर तालाब पर दो नए गेट लगाए गए हैं, जिनसे वर्षा जल की निकासी बेहतर ढंग से हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि हरि सेवा एवं गणेश मंदिर के मध्य क्रॉसिंग को व्यवस्थित करने, भारद्वाज नाला, मोती बावजी क्षेत्र, लाल जैन ज्योति कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं।

विधायक कोठारी ने कहा कि इस वर्ष जिला प्रशासन ने शहर की नाला सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को नगर निगम और नगर विकास न्यास (यूआईटी) के बीच समान रूप से विभाजित किया है। इससे सफाई कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होंगे और बरसात के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक प्रभारी एडवोकेट अर्पित कोठारी, संजय राठी, गजेंद्र सिंह राठौड़, दिनेश सुथार, पृथ्वीराज सिंह, नगर निगम एवं यूआईटी के अधिकारी, क्षेत्रीय व्यापारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-