मंगरोप विद्यालय के 100 छात्रों ने किया संगम यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक विजिट

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 26 सितंबर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंगरोप के व्यावसायिक शिक्षा ट्रेड इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर के 100 छात्रों ने शनिवार को संगम यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक विजिट किया। विजिट का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी शिक्षा, विभिन्न ट्रेड और करियर के अवसरों से परिचित कराना रहा।

वोकेशनल एजुकेशन इंचार्ज व्याख्याता निरुपमा शर्मा एवं व्यवसायिक शिक्षा प्रशिक्षक (वोकेशनल ट्रेनर) के नेतृत्व में छात्रों ने यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। मार्केटिंग कोऑर्डिनेटर आशीष पारीक तथा सहायक लीडर ट्रेनर स्काउट एवं पूर्व प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी के निर्देशन में छात्रों को इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, माइनिंग, सिविल इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रयोगशालाओं एवं वर्कशॉप का भ्रमण करवाया गया।

इस दौरान छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर सहित अन्य ट्रेड से जुड़ी तकनीकी जानकारी और रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।

विजिट के बाद सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के कोऑर्डिनेटर विजय जोशी ने छात्रों को करियर गाइडेंस प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और भविष्य में करियर के बेहतर अवसर हासिल करने के लिए उपयोगी जानकारी एवं टिप्स दिए।

विजिट को सुव्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने में राम सिंह मीणा, वर्षा देराश्री और रिंकू बलाई का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले 11 छात्रों को यूनिवर्सिटी की ओर से ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खबर को शेयर करे :-