गंगापुर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 105 ग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, अवैध बजरी से भरी पिकअप भी जब्त

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। जिले के गंगापुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों और अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को 105 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार कर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं दूसरी कार्रवाई में अवैध बजरी परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थ, अवैध बजरी खनन एवं परिवहन तथा अवैध हथियारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज एवं वृत्ताधिकारी सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

105 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर रायपुर रोड गंगापुर से डेलाना जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान श्यामलाल बंजारा (33) निवासी बंजारा बस्ती, रतनपुरा (सालेरा), थाना गंगापुर को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 105 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (आरजे-06-जेडएस-9029) जब्त कर ली। इस संबंध में थाना गंगापुर पर प्रकरण संख्या 198/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

अवैध बजरी परिवहन करते पिकअप जब्त

दूसरी कार्रवाई में 2 अगस्त 2026 को हेड कांस्टेबल नेतराम गश्त के दौरान रीको क्षेत्र गंगापुर में एक पिकअप वाहन को अवैध रूप से बजरी का परिवहन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने बजरी से भरे पिकअप वाहन को जब्त कर प्रकरण संख्या 201/2026 धारा 303(2), 112(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार अवैध बजरी माफिया अब ट्रैक्टर-ट्रॉली के बजाय पिकअप वाहनों के माध्यम से बजरी का परिवहन करने लगे हैं। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

अवैध अफीम बरामदगी कार्रवाई टीम

  • राजेन्द्र सिंह, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, थाना गंगापुर
  • शैतान सिंह, हेड कांस्टेबल (1478)
  • रामदेव, कांस्टेबल (90)
  • चौखाराम, कांस्टेबल (1781) – विशेष भूमिका
  • रेवतराम, कांस्टेबल (1971)
  • राजूराम, कांस्टेबल (401)

अवैध बजरी परिवहन कार्रवाई टीम

  • नेतराम, हेड कांस्टेबल (1549)
  • शैतान सिंह, हेड कांस्टेबल (1478)
  • रेवतराम, कांस्टेबल (1971)
  • वीरेन्द्र, कांस्टेबल (488) – विशेष भूमिका

गंगापुर थाना पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों, अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करे :-