भाजपा के आह्वान पर आज शहर में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

खबर को शेयर करे :-

चारों शहरी मंडलों के अंतर्गत 70 वार्डों से उमड़ेगा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

​भीलवाड़ा 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी जिला भीलवाड़ा द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व में निकलने वाली तिरंगा यात्राओं में राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी मुख्य अतिथि रहेंगे। यह भव्य यात्रा शहर के चारों शहरी मंडलों सुभाष मंडल, शास्त्री मंडल, प्रताप मंडल और गणेश मंडल के कुल 70 वार्डों को सम्मिलित करते हुए आयोजित की जाएगी। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में मंडल अध्यक्षों एवं व्यवस्था प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई।

​जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे चारों मंडलों द्वारा निर्धारित स्थानों से एक साथ तिरंगा यात्रा प्रारंभ होगी। इसके तहत शास्त्री मंडल दूधाधारी मंदिर, सांगानेरी गेट से, प्रताप मंडल हनुमान मंदिर कुंभा सर्किल से, गणेश मंडल पुलिस लाइन के पास, अजमेर पुलिया से और सुभाष मंडल मोदी ग्राउंड से अपनी-अपनी तिरंगा रैलियां निकालेंगे जो सभी टंकी के बालाजी मंदिर के निकट भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न होगी, जहां मुख्य समारोह आयोजित होगा।

​यात्रा के दौरान पूरा भीलवाड़ा शहर देशभक्ति से ओत-प्रोत रहेगा और भारत माता की जय के गूंजते जयकारों से सराबोर रहेगा। भाजपा जिला संगठन ने शहर के सभी आम नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति और विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर इस भव्य यात्रा में शामिल हों और राष्ट्रभक्ति के इस महाउत्सव के साक्षी बनें।

खबर को शेयर करे :-