जुझारजी महाराज मंदिर में दूसरी बार तोड़फोड़ का आरोप, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
भीलवाड़ा। प्रतापनगर स्कूल परिसर स्थित प्राचीन जुझारजी महाराज मंदिर में कथित तौर पर बार-बार तोड़फोड़ और मूर्ति खंडित किए जाने के विरोध में सोमवार को तेली समाज, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने आक्रोश जताया। मुखर्जी उद्यान से रैली निकालकर प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोनों घटनाओं के दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि मंदिर में पहली घटना 17 मई 2026 को हुई थी। आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने मंदिर में तोड़फोड़ कर जुझारजी महाराज की मूर्ति को खंडित कर दिया था। इस संबंध में 18 मई को प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दी गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों के अनुसार अब तक आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पहली घटना में कार्रवाई नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े और 26 सितंबर को मंदिर में दोबारा तोड़फोड़ कर जुझारजी महाराज की मूर्ति खंडित कर दी गई। लगातार दूसरी घटना सामने आने से समाज एवं स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जुझारजी महाराज के मंदिर में तेली समाज सहित स्थानीय लोग नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं और यह स्थल लंबे समय से लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। मंदिर में बार-बार तोड़फोड़ की घटनाओं से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज एवं हिंदू संगठनों की ओर से आंदोलन, आक्रोश रैली और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में तेली समाज, राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा के पदाधिकारी, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, वार्ड 19 पार्षद शिवराज गुर्जर तथा वार्ड 13 पार्षद हिमांशू शर्मा सहित
विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विजय ओझा प्रांतीय, कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश बूलिया, महानगर मंत्री ओमप्रकाश लड़ा, महानगर शहर मंत्री सुशील सुवालका, महानगर धर्म प्रसार प्रमुख नीलेश सोनी, सहित विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारीयों सहित तेली समाज के एडवोकेट कुशल साहू मुकेश कुमार आसरवा रमेश चंद्र भगवती लाल जगदीश चंद्र तेली जगदीश चंद्र गुटकणिया रतनलाल भेरूलाल गुटकणिया श्यामलाल दिया गोविंद कुमार किशन डगवाल राजू लाल सांवरमल सुनील कुमार सहित कई समाज जन मोजूद रहे।
