फायरिंग मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार, दो तलवार व बलेनो कार जब्त

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। सुभाषनगर थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो तलवारें और एक बलेनो कार जब्त की है। पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपितों को पैदल परेड कराते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि फायरिंग की घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। मामले में पुलिस ने विजय सिंह पथिकनगर निवासी सत्तूलाल पुत्र भैरूलाल माली, सिदड़ियास हाल सांगानेर निवासी विनय प्रताप सिंह पुत्र मनोहर सिंह राजपूत तथा टेंपो स्टैंड के पास सांगानेर निवासी राधेश्याम पुत्र जगदीशचंद्र जाट को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से दो तलवारें और एक बलेनो कार जब्त की गई है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। आरोपित सत्तूलाल माली के खिलाफ जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपित विनय प्रताप सिंह के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामलों में प्रकरण दर्ज हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में लखन कीर, गोपाल कीर और सोहन कीर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। आरोपित गोपाल के कब्जे से एक टोपीदार बंदूक भी जब्त की गई थी। मामले में शेष आरोपितों की तलाश की जा रही है।

खबर को शेयर करे :-