जहाजपुर में रामलीला के 50 वर्ष पूर्ण, स्वर्ण जयंती पर होगा भव्य आयोजननवरात्र में 11 से 20 अक्टूबर तक सजेगा रामलीला मंच, रिहर्सल शुरू; ‘हनुमान अंश’ फिल्म का भी होगा प्रदर्शन

खबर को शेयर करे :-

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) उपखंड मुख्यालय में प्रतिवर्ष नवरात्र पर होने वाली ऐतिहासिक रामलीला इस वर्ष अपने 50 वर्ष पूर्ण कर रही है। स्वर्ण जयंती वर्ष होने से नवयुवक कला मंडल संस्थान और कस्बे के कलाकारों में भारी उत्साह है।

संस्थान के तत्वाधान में 50वीं रामलीला का भव्य मंचन आगामी 11 से 20 अक्टूबर तक बस स्टैंड स्थित रामलीला रंगमंच पर किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं और कलाकारों ने रिहर्सल शुरू कर दी है।

नवयुवक कला मंडल संस्थान के अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी (पत्रकार) ने बताया कि स्वर्ण जयंती महोत्सव को यादगार बनाने के लिए इस बार रामलीला का मंचन भव्य स्तर पर होगा। अभिनय के साथ-साथ मंच, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं को विशेष रूप दिया जा रहा है।

संस्थान के सचिव अतुल भारद्वाज ने बताया कि इस बार रामलीला रंगमंच को आकर्षक डेकोरेशन और भव्य साज-सज्जा से सजाया जाएगा। व्यास पीठ से मधुर संगीत और रामायण की चौपाइयों के साथ कलाकार जीवंत अभिनय प्रस्तुत करेंगे।

संरक्षक प्रभु लाल पंचोली ने बताया कि स्वर्ण जयंती को लेकर सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष कालिदास नामा, रामप्रसाद सोनी, प्रकाश गुजराती, प्रखर भारद्वाज, बाबूलाल खटीक, राहुल खटीक, निरंजन, कुलदीप सहित सभी कलाकार दिन-रात जुटे हैं।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ का होगा विशेष प्रदर्शन

अध्यक्ष अनिल सोनी ने बताया कि स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत संस्थान द्वारा लोगों की आस्था से जुड़ी धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भी प्रदर्शन किया जाएगा। फिल्म का प्रदर्शन बस स्टैंड स्थित रामलीला रंगमंच पर ही किया जाएगा, जिसकी तैयारियां की जा रही हैं।

खबर को शेयर करे :-