निम्बाहेड़ा। ग्राम पंचायत जावदा में 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में क्रिश्चिटल फाउंडेशन के फील्ड कोऑर्डिनेटर मनजीत शर्मा ने भारतीय रिजर्व बैंक की पहल के तहत बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) सहित अन्य बैंकिंग योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके लाभ और प्रक्रिया समझाई। साथ ही ग्राम सभा में उपस्थित लोगों को स्वच्छता, बाल विवाह रोकथाम और नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विशेष जानकारी दी गई, जिससे ग्रामीणों को डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त विकास अधिकारी शांतिलाल नायक, ग्राम विकास अधिकारी जमनालाल खटीक, कनिष्ठ सहायक श्रीमती कौशल्या शर्मा, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
