भीलवाड़ा के पालना गृह में मिला 1.100 किलो का नवजात, हालत गंभीर; NICU में भर्ती

खबर को शेयर करे :-

पालना गृह का सायरन बजते ही अस्पताल प्रशासन ने संभाला मोर्चा, बाल कल्याण समिति ने लिया स्वतः संज्ञान, सुरक्षा के लिए महिला गार्ड लगाने के निर्देश

भीलवाड़ा। महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर स्थित पालना गृह में एक नवजात शिशु लावारिस अवस्था में मिला। पालना गृह का सायरन बजते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मानवता का परिचय देते हुए नवजात को तत्काल नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भर्ती कराया गया। नवजात का वजन महज 1 किलो 100 ग्राम है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. इन्द्रासिंह एवं नर्सिंग प्रभारी सुनील पोरवाल सहित टीम ने नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलने पर बाल कल्याण समिति न्यायपीठ भीलवाड़ा के सदस्य विनोद राव ने स्वतः संज्ञान लिया। वे तत्काल अस्पताल पहुंचे और NICU में भर्ती नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि शिशु को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उसकी समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए।

बाल कल्याण समिति सदस्य ने चिकित्सा अधीक्षक को नवजात की देखरेख के लिए यशोदा कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। वहीं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष चन्द्रकला ओझा एवं सदस्य विनोद राव ने नवजात को काल्पनिक नाम ‘चिनगारी’ दिया।

सुरक्षा और पुनर्वास की होगी व्यवस्था

नवजात की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर महिला गार्ड तैनात करने की मांग की गई है। बाल कल्याण समिति की ओर से बताया गया कि शिशु की सुरक्षा एवं पुनर्वास के लिए नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नवजात NICU में चिकित्सकों की निगरानी में है। महज 1.100 किलोग्राम वजन और चिंताजनक स्वास्थ्य स्थिति के चलते शिशु को विशेष चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड