राजस्थान में नव मतदाताओं के पंजीकरण का विशेष अभियान जारी, सात दिन में 57 हजार से अधिक Form-6 प्राप्त

राजस्थान में नव मतदाताओं के पंजीकरण का विशेष अभियान जारी, सात दिन में 57 हजार से अधिक Form-6 प्राप्त
खबर को शेयर करे :-

जयपुर/भीलवाड़ा, 7 अक्टूबर। राजस्थान में पात्र नागरिकों और नव मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे इस अभियान का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के तहत सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पिछले सात दिनों में विधानसभा क्षेत्रों से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 57 हजार से अधिक Form-6 प्राप्त हो चुके हैं।

स्कूल-कॉलेजों में लगाए जा रहे जागरूकता शिविर

अभियान के प्रचार-प्रसार और मतदाता जागरूकता के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां और विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों की जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा निगरानी की जा रही है। वहीं, मुख्यालय स्तर से भी अभियान की प्रगति और विभिन्न गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जा रही है।

Form-6 और Form-8 के लिए SIR घोषणा पत्र की जरूरत नहीं

भारत निर्वाचन आयोग ने राजस्थान सहित SIR की प्रक्रिया पूरी कर चुके अन्य राज्यों में मतदाता पंजीकरण और संशोधन की प्रक्रिया को सरल किया है। अब Form-6 के माध्यम से नए मतदाता के पंजीकरण तथा Form-8 के जरिए संशोधन के लिए SIR के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।

पात्र नागरिक voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन Form-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।

नवीन महाजन ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने परिवार और आसपास के ऐसे युवाओं एवं नागरिकों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

उन्होंने कहा कि सशक्त, सहभागी और समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य को पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग प्रतिबद्ध है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड