भीलवाड़ा में 37वीं अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता, 8 क्षेत्रों की 20 टीमें लेंगी भाग

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 9 अक्टूबर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, भीलवाड़ा की ओर से 37वीं अखिल भारतीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 9 से 13 अक्टूबर 2026 तक नगर निगम बास्केटबॉल मैदान में होगी। इसमें 8 क्षेत्रों की 20 टीमें भाग लेंगी और 221 बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता के संबंध में शुक्रवार शाम 4:30 बजे आयोजित प्रेस वार्ता में विद्या भारती के खेल संयोजक एवं एसजीएफआई उपाध्यक्ष मुखतेज सिंह बदेशा ने आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के बास्केटबॉल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों का शारीरिक, प्राणिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास करना है। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करने के साथ अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

बदेशा ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली टीमों की सहभागिता से खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने और अपने खेल कौशल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में विजेता एवं चयनित बालिकाओं को एसजीएफआई में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

प्रेस वार्ता में प्रतियोगिता की तैयारियों, आयोजन व्यवस्थाओं और खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की गई। आयोजन को सफल बनाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

प्रतियोगिता का आयोजन आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, भीलवाड़ा द्वारा विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में किया जा रहा है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड