पनोतिया के विद्यार्थियों ने NCSC-2026 विज्ञान शोध प्रतियोगिता के तहत 60 विद्यार्थियों पर किया अध्ययन, स्मार्टफोन के संतुलित उपयोग के लिए तैयार किए सात सूत्र
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। वर्तमान डिजिटल युग में स्मार्टफोन विद्यार्थियों की शिक्षा, मनोरंजन और संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। हालांकि, इसका अनियंत्रित एवं अत्यधिक उपयोग बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। इसी विषय को केंद्र में रखते हुए पनोतिया के विद्यार्थियों ने NCSC-2026 विज्ञान शोध प्रतियोगिता के अंतर्गत एक वैज्ञानिक अध्ययन किया और स्मार्टफोन के संतुलित उपयोग के लिए ‘पनोतिया डिजिटल वेलनेस मॉडल’ विकसित किया।
इस शोध परियोजना का नेतृत्व कक्षा 10 के विद्यार्थी कन्हैया लाल गुर्जर ने किया। टीम सदस्य के रूप में देवेन्द्र गुर्जर ने सहभागिता निभाई। परियोजना का मार्गदर्शन वरिष्ठ विज्ञान अध्यापक महेश कुमार कोली ने किया। शोध के लिए पनोतिया गांव के कक्षा 6 से 10 तक के कुल 60 विद्यार्थियों को अध्ययन में शामिल किया गया।
अध्ययन की शुरुआत विद्यालय में विद्यार्थियों के व्यवहार के प्रारंभिक अवलोकन से हुई। इस दौरान कुछ विद्यार्थियों में आंखों की थकान, आंखों के नीचे काले घेरे और कक्षा में एकाग्रता की कमी जैसे लक्षण दिखाई दिए। विद्यार्थियों से बातचीत में देर रात तक मोबाइल फोन का उपयोग करने और लंबे समय तक स्क्रीन देखने की आदत सामने आई। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्मार्टफोन के उपयोग और डिजिटल वेलनेस के विभिन्न पहलुओं पर वैज्ञानिक अध्ययन शुरू किया।
शोध के दौरान प्रश्नावली, मोबाइल उपयोग संबंधी विवरण, डिजिटल वेलनेस जागरूकता के पूर्व एवं पश्चात परीक्षण तथा शिक्षकों के अवलोकन को अध्ययन का आधार बनाया गया। सर्वेक्षण में सामने आया कि सभी 60 विद्यार्थी प्रतिदिन स्मार्टफोन का उपयोग करते हैं। अधिकांश विद्यार्थियों का स्क्रीन टाइम अपेक्षाकृत अधिक पाया गया। कई विद्यार्थी सोने से पहले भी नियमित रूप से मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि स्मार्टफोन के अत्यधिक उपयोग से विद्यार्थियों के खेलकूद एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध समय में कमी आई है। करीब 58.34 प्रतिशत विद्यार्थियों ने स्वीकार किया कि पढ़ाई के दौरान उनका ध्यान बार-बार मोबाइल की ओर आकर्षित होता है।
शोध में स्मार्टफोन के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं का विश्लेषण किया गया। जहां अनेक विद्यार्थी विज्ञान एवं गणित जैसे विषयों की पढ़ाई के लिए स्मार्टफोन का उपयोग कर रहे हैं, वहीं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता की कमी भी सामने आई। अधिकांश विद्यार्थियों ने अनजान लिंक को बिना जांचे खोलने की बात स्वीकार की। इसके अलावा किसी भी विद्यार्थी को साइबर बुलिंग अथवा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी।
सात स्तंभों पर आधारित डिजिटल वेलनेस मॉडल
शोध के निष्कर्षों के आधार पर विद्यार्थियों ने ‘पनोतिया डिजिटल वेलनेस मॉडल’ विकसित किया। इस मॉडल में सात प्रमुख स्तंभ शामिल किए गए हैं। इनमें स्क्रीन टाइम प्रबंधन, उद्देश्यपूर्ण शैक्षिक उपयोग, शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक संवाद, साइबर सुरक्षा और स्वयं मूल्यांकन शामिल हैं।
मॉडल के तहत मोबाइल उपयोग की समय-सीमा तय करने, पढ़ाई के दौरान मोबाइल से दूरी बनाए रखने, नियमित खेलकूद करने, पर्याप्त नींद लेने, परिवार के साथ समय बिताने, संदिग्ध लिंक से सावधान रहने और डिजिटल वेलनेस डायरी का नियमित संधारण करने पर जोर दिया गया है।
इस मॉडल की खासियत यह है कि इसे बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक खर्च या महंगे उपकरणों के विद्यालय और घर दोनों जगह आसानी से लागू किया जा सकता है। इसमें विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों में जिम्मेदार एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार विकसित कर सकते हैं।
स्मार्टफोन का बहिष्कार नहीं, संतुलित उपयोग जरूरी
विद्यार्थियों ने अपने शोध के माध्यम से संदेश दिया कि स्मार्टफोन का पूरी तरह बहिष्कार करना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि उसका सुरक्षित, उद्देश्यपूर्ण और संतुलित उपयोग ही समय की आवश्यकता है। डिजिटल तकनीक का विवेकपूर्ण इस्तेमाल शिक्षा को अधिक प्रभावी बना सकता है, वहीं संतुलित डिजिटल जीवनशैली बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
