शाहपुरा के कुंडगेट क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान, 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दो बूंद

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा), राजेन्द्र खटीक। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत शाहपुरा के कुंडगेट क्षेत्र में वार्ड संख्या 18 एवं 19 सहित आसपास के बाजार क्षेत्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। अभियान के दौरान अभिभावकों को भी पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर और निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

अभियान के दौरान लोगों को “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत इस बार” का संदेश देते हुए पोलियो टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में बच्चों को दवा पिलाना आवश्यक है, ताकि देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर मनोज मीणा, एएनएम संजू वर्मा, मोहम्मद साहिल, मोहम्मद जेएफ तथा दक्ष खटीक सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

खबर को शेयर करे :-