पंचायत समिति जहाजपुर में 10 खजूरी 10 ओर जिला परिषद की सभी सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, धीरज गुर्जर को राष्ट्रीय सचिव बनने की दोहरी खुशी
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) पंचायत राज चुनावों में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भाजपा को करारी हार का सामना कराया है। जहाजपुर पंचायत समिति की 17 में से 10 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की, वहीं नवगठित पंचायत समिति खजूरी में 15 में से 10 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा हुआ।
इतना ही नहीं, जिला परिषद की सभी 6 सीटों पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया। इस शानदार जीत से कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा खेमे में सन्नाटा पसरा हुआ है।
धीरज गुर्जर को मिली दोहरी खुशी
आज ही के दिन कांग्रेस के नेता एवं पूर्व विधायक धीरज गुर्जर को पार्टी ने फिर से कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाकर दोहरी खुशी दी है। एक तरफ क्षेत्र में कांग्रेस की बड़ी जीत, दूसरी तरफ राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने से उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है।
विकास कार्यों को नकारा, कांग्रेस पर जताया भरोसा
भाजपा के विधायक गोपीचंद मीणा द्वारा विधानसभा क्षेत्र में पहली बार बड़े पैमाने पर करवाए गए विकास कार्यों को नकारते हुए जनता ने कांग्रेस पार्टी पर फिर से विश्वास जताया है। जनता का यह फैसला भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
हार के कारणों पर मंथन
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की हार का मुख्य कारण कांग्रेस से आए हुए लोगों का भाजपाईयों पर हुकुम चलाना रहा। वर्षों से भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं की अनदेखी, विधायक की हठधर्मिता व अहम भी हार की बड़ी वजह बनी।
नगर पालिका चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत हुई थी, लेकिन इस चुनाव में मीणा समाज के लोगों को विधायक गोपीचंद मीणा द्वारा नाराज करना भारी पड़ा। अध्यक्ष सीट पर मीणा समाज के पार्षद को न बिठाकर जनरल समाज की महिला को सीट पर बैठाना भाजपा को महंगा साबित हुआ।
प्रधान पद की दौड़ लगभग तय
जहाजपुर पंचायत समिति में कांग्रेस को बहुमत मिलने से कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर की मां सीता देवी गुर्जर का प्रधान बनना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं खजूरी पंचायत समिति क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मीणा की पुत्रवधू मनीषा मीणा, वहीं धीरज गुर्जर के करीबी शिवराज सिंह मीणा की पत्नी मीरा देवी मीणा में से एक का प्रधान बनना लगभग तय है। कुल मिलाकर जहाजपुर की राजनीति में कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है।
