आरके कॉलोनी में दारू गोदाम के पास सिविल लाइन के करीब 5 क्वार्टरों की दीवार जर्जर, पास की दुकानों पर दिनभर रहती है लोगों की आवाजाही
बुधवार को ग्रामीण हाट बाजार में दीवार गिरने से हो चुकी है वृद्धा की मौत
भीलवाड़ा। शहर में जर्जर दीवारों के कारण लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। बुधवार को ग्रामीण हाट बाजार में दीवार ढहने से एक वृद्ध महिला की मौत के बाद भी शहर में ऐसी खतरनाक दीवारें मौजूद हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। ताजा मामला आरके कॉलोनी क्षेत्र में दारू गोदाम के पास सिविल लाइन के करीब स्थित 5 क्वार्टरों का है, जहां दीवार बेहद जर्जर हालत में है और एक तरफ झुकी हुई नजर आ रही है।
दीवार की स्थिति चिंताजनक है। इसके पास ही कई दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें मटकी की दुकान भी शामिल है, जहां दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा आसपास से गुजरने वाले लोगों पर भी इस झुकी हुई दीवार के गिरने का खतरा बना हुआ है। यदि दीवार अचानक ढह जाती है तो इसकी चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरतलब है कि बुधवार को ग्रामीण हाट बाजार में जर्जर दीवार गिरने से एक वृद्ध महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई थी। इस घटना ने शहर में जर्जर भवनों और दीवारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में आरके कॉलोनी की यह दीवार भी जिम्मेदार विभागों के लिए चेतावनी है।
समय रहते कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण करवाया जाए। दीवार के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ आवश्यकतानुसार मरम्मत या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित हादसे से पहले लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग समय रहते कार्रवाई करेंगे या किसी और हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी?
।
