पॉक्सो न्यायालय संख्या-1 का बड़ा फैसला, इशु हरिजन और आकाश सांसी पर कुल 85 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया
भीलवाड़ा। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पॉक्सो न्यायालय संख्या-1 ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोनों आरोपियों को उनके शेष प्राकृतिक जीवन तक कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी इशु हरिजन और आकाश सांसी को दोषी मानते हुए यह सजा सुनाई। इसके साथ ही दोनों आरोपियों पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है।
न्यायालय के फैसले के अनुसार, आरोपी इशु हरिजन पर 50 हजार रुपये तथा आकाश सांसी पर 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस प्रकार दोनों आरोपियों पर कुल 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायालय ने अपराध प्रमाणित माना। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 18 गवाहों के बयान तथा 50 महत्वपूर्ण दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए कठोर सजा सुनाई।
प्रकरण में विशिष्ट लोक अभियोजक धर्मवीर सिंह कानावत ने अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की। वहीं, पॉक्सो न्यायालय संख्या-1 की न्यायाधीश रेखा वधवा ने मामले में फैसला सुनाया।
न्यायालय के इस फैसले को नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले गंभीर यौन अपराधों के मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
