नामांकन पर आपत्ति खारिज,कांग्रेस को 10- भाजपा को मिले 7 वोट, समर्थकों में जश्न
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) पंचायत समिति जहाजपुर में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने फिर बाजी मार ली। कांग्रेस प्रत्याशी सीता देवी गुर्जर दूसरी बार जहाजपुर की प्रधान चुनी गईं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कविता मीणा को 3 मतों से पराजित किया।
पंचायत समिति सभागार में निर्वाचन अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी की मौजूदगी में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की बैठक के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान में कांग्रेस की सीता देवी गुर्जर के पक्ष में 10 मत पड़े, जबकि भाजपा की कविता मीणा को 7 मत मिले। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने सीता देवी गुर्जर को 3 मतों से विजयी घोषित किया। घोषणा होते ही कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल छा गया।
सीता देवी गुर्जर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर की मां हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी कविता मीणा पूर्व विधायक दिवंगत शिवजी राम मीणा की पुत्रवधू हैं। इस चुनाव को दोनों दलों की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा था।
नामांकन पर लगी आपत्ति, फिर हुई खारिज
मतदान से पहले भाजपा प्रत्याशी कविता मीणा ने कांग्रेस प्रत्याशी सीता देवी गुर्जर के नामांकन पर आपत्ति लगाई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने सीता देवी को 5 वर्ष के लिए अयोग्य कर रखा है।
इस पर कांग्रेस प्रत्याशी सीता देवी गुर्जर ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट मिली हुई है। उनके विधिक सलाहकार दस्तावेज पेश करेंगे।
इंडियन नेशनल कांग्रेस के विधिक सलाहकार अतुल जोशी ने निर्वाचन अधिकारी छत्रपाल सिंह को दस्तावेज पेश किए। दस्तावेजों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रत्याशी की आपत्ति को खारिज कर दिया और सीता देवी गुर्जर का नामांकन वैध पाया गया। इसके बाद ही मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
मतदान से पहले हूटिंग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
कांग्रेस के पंचायत समिति सदस्य मतदान केंद्र पर पहुंचे, इससे पहले ही जबरदस्त हूटिंग शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक रेवड़मल मोर्य, थानाधिकारी दयाराम चौधरी, हनुमान नगर थानाधिकारी गणेश राम सहित भारी जाब्ता तैनात रहा। चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही बंद कर दी गई थी।
