भीलवाड़ा। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीलवाड़ा पुलिस द्वारा “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के तहत दो दिवसीय विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने आम महिला बनकर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी की और छेड़छाड़, फब्तियां कसने व अभद्र व्यवहार करने वाले 18 मनचलों को गिरफ्तार किया।पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पारस मल जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW शिल्पा भादविया ने किया। वहीं डॉ. नेहा राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने पार्क, बस स्टैंड, मॉल, कोचिंग संस्थान, सुनसान मार्गों एवं कम भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादा वेश में तैनात होकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए कहीं स्कूटी खराब होने का बहाना किया गया, कहीं देर रात बस का इंतजार कर रही महिला का रूप लिया गया, तो कहीं अकेली छात्रा बनकर मनचलों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

कार्रवाई के दौरान कई युवक महिलाओं को देखकर सीटियां बजाते, फब्तियां कसते एवं अभद्र टिप्पणियां करते पाए गए। कुछ आरोपी शराब के नशे में महिलाओं को परेशान करते मिले, जबकि कुछ बाइक सवार युवकों द्वारा महिलाओं की ओर अशोभनीय इशारे करने की घटनाएं भी सामने आईं। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संकेत मिलते ही टीम ने आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 18 आरोपियों के विरुद्ध धारा 126-170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया, वहीं 5 नाबालिगों को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में डालचंद बैरवा, कुलदीप जोशी, ऋषभ कुमार, सुरेश कुमार, राकेश साहू, तेजू बोरदा, सुनील कुमार, राहुल नायक, निखुल लखारा, मुरली तम्बोली, जीतु गुर्जर, अनिरुद्ध सिंह, कानालाल गुर्जर, केदार जाट, गोविन्द यादव, दौलत सिंह, पवन मारू एवं सांवर बैरवा शामिल हैं।

अभियान में डॉ. नेहा राव, समर्थ आचार्य, छोटू लाल, राजकुमारी, प्रांजल विजयवर्गीय, ममता कुमारी, पूरण कंवर, ओरमता, सपना कुमारी, विमला कुमारी, बबिता कुमारी, मंजू कुमारी, मनीषा कुमारी, सुमन कुमारी, कविता, अर्चना, गुड्डी, स्वाति, पूजा एवं राधा की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा भीलवाड़ा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को असुरक्षित महसूस कराने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष अभियान और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
w
