ATEXCON 2026 में सम्मानित, वैश्विक टेक्सटाइल उद्योग में योगदान को मिली बड़ी पहचान
भीलवाड़ा/हैदराबाद। डॉ. एस. एन. मोदानी, चेयरमैन, RTMA (राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स एसोसिएशन) एवं वाइस चेयरमैन, संगम ग्रुप, भीलवाड़ा को ग्लोबल टेक्सटाइल लीडरशिप लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (CITI) द्वारा 13वें एशियन टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस (ATEXCON 2026) के दौरान प्रदान किया गया।यह सम्मान समारोह 2 अप्रैल 2026 को होटल नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर, हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित हुआ, जिसमें तेलंगाना के माननीय मुख्यमंत्री श्री अनुमुला रेवंत रेड्डी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह सम्मान डॉ. मोदानी को श्री तुम्मला नागेश्वर राव (हैंडलूम्स एवं टेक्सटाइल मंत्री, तेलंगाना) एवं श्री डी. श्रीधर बाबू (आईटी, इंडस्ट्री एवं कॉमर्स मंत्री, तेलंगाना) द्वारा प्रदान किया गया।संगम ग्रुप पीआरओ डॉ राजकुमार जैन ने बताया कि डॉ. एस एन मोदानी को यह सम्मान टेक्सटाइल उद्योग के विकास, नवाचार एवं परिवर्तन में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अग्रणी योगदान एवं आजीवन समर्पण के लिए प्रदान किया गया है। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
इस उपलब्धि पर देश-विदेश के टेक्सटाइल जगत से जुड़े उद्योगपतियों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने डॉ. मोदानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।सम्मेलन के दौरान डॉ. मोदानी ने पैनल चर्चा में भी भाग लिया और अपने विचार साझा किए।





