‘जीरो कैजुअल्टी’ लक्ष्य के साथ सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश
भीलवाड़ा।
जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू-तापघात की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने मंगलवार को आरओ पॉल्यूशन कार्यालय में संबंधित विभागों की बैठक लेकर गर्मी से बचाव और राहत व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ “जीरो कैजुअल्टी” लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को गर्मी और लू से बचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निर्देश दिए कि जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर हीट स्ट्रोक वार्ड एवं कूल रूम तत्काल प्रभाव से शुरू किए जाएं। साथ ही ओआरएस पैकेट, आईवी फ्लूड और अन्य आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि लू-तापघात से प्रभावित मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराया जाए ताकि किसी भी प्रकार की गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में नगर निगम आयुक्त को शहर के मुख्य बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छाया, पेयजल और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जलदाय विभाग को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए कहा गया, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा, नगर निगम आयुक्त हेमाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
