जिला कलेक्टर से लेकर सांसद और विधायकों तक पहुंची नर्सिंग कर्मचारियों की आवाज
भीलवाड़ा।
राजमेस द्वारा विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग पदों के विलोपन के निर्णय के बाद महात्मा गांधी चिकित्सालय, भीलवाड़ा में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। राजस्थान नर्सेज यूनियन के नेतृत्व में शुक्रवार को बड़ी संख्या में नर्सिंग कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
राजस्थान नर्सेज यूनियन के जिला अध्यक्ष लक्की ब्यावट के नेतृत्व में नर्सिंग कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को ज्ञापन सौंपकर पदों को पुनर्सृजित करने अथवा जिले में ही समायोजित करने की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से महात्मा गांधी चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे हैं और पद समाप्त होने की स्थिति में उनके स्थानांतरण एवं भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
ज्ञापन में बताया गया कि कोरोना काल सहित विभिन्न आपात परिस्थितियों में नर्सिंग कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं। कर्मचारियों ने कहा कि स्टाफ की आवश्यकता होने के बावजूद पदों का विलोपन चिंता का विषय है।
जिला कलेक्टर ने कर्मचारियों की बात सुनते हुए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया।
इसके बाद नर्सिंग कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल सांसद दामोदर अग्रवाल से मिला और अपनी समस्या से अवगत कराया। सांसद ने कर्मचारियों को सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिलाया तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल ने मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल, पूर्व विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी तथा भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी से भी मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
यूनियन के अनुसार राजमेस द्वारा सात मेडिकल कॉलेजों में कुल 1267 नर्सिंग पद समाप्त किए गए हैं, जिनमें भीलवाड़ा के 83 पद शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों के अनुभव और सेवाओं को देखते हुए इन पदों का पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
ज्ञापन कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारी अमित व्यास, गिरिराज लढ़ा, ललित जीनगर, करण सिंह सिसोदिया, दिनेश खटीक,अनीता चौधरी, विमला व्यास. सुनील व्यास, विनोद सोनी, मनोज धाकड़, लाड कंवर, ,पिंकी खटीक, अनीता खोईवाल, जगदीश, गोविन्द सिखवाल,मोहम्मद इमरान, इक़बाल, सत्यनारायण, अशोक, प्रमोद भड़गा, अन्नू खटीक, अंतिम बाला. नवनीत त्रिपाठी, ममता बडेला,लीला माली, नीलिमा गोस्वामी, नीलिमा सिखवाल, विनोद वर्मा, आसिफ मोहम्मद,मेना धाकड़, अन्नू खटीक, कमला पहाड़िया, मुरली जीनगर, हँसा सेन, प्रेम रेगर, अन्नू कवर राठौर सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग कर्मचारी उपस्थित रहे।
