भीलवाड़ा। जिले में चलाए जा रहे “म्यूल हंटर विशेष अभियान” के तहत पुलिस थाना बिजौलिया ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में प्रयुक्त बैंक खातों के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही डकैती के पुराने मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया है।
महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन एवं वृत्ताधिकारी बाबूलाल विष्णोई के सुपरविजन में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
म्यूल बैंक खाते (Money Mule Accounts) वे खाते हैं जिनका उपयोग साइबर अपराधी या स्कैमर अवैध रूप से हासिल किए गए धन (साइबर ठगी, मनी लॉन्ड्रिंग) को इधर-उधर करने या ठिकाने लगाने के लिए करते हैं। यह खाता किसी निर्दोष व्यक्ति के नाम पर होता है, लेकिन इसका उपयोग अपराधी करते हैं, जिससे वे पुलिस की पकड़ से बच सकें।
तीन संदिग्ध बैंक खातों से 2.42 लाख की साइबर ठगी
जांच के दौरान यूको बैंक शाखा बिजौलिया के तीन खाते संदिग्ध पाए गए। खातों के रिकॉर्ड व साइबर पोर्टल के विश्लेषण में सामने आया कि इन खातों के माध्यम से कुल 2,42,093 रुपये की साइबर ठगी की गई। इन खातों के खिलाफ दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और केरल सहित विभिन्न राज्यों में कुल 8 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और खाताधारक आमीन व अशफाक को डिटेन कर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि दोनों ने अपने बैंक खाते (एटीएम, पासबुक, सिम आदि) शाबीर के माध्यम से साइबर ठगों को बेचे थे। इसके बाद शाबीर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जबकि अन्य साइबर ठगों की तलाश की जा रही है।
डकैती के मामले में फरार वारंटी गिरफ्तार
अभियान के तहत पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में वर्ष 2014 के डकैती प्रकरण में वांछित स्थाई वारंटी सत्तु उर्फ सत्यनारायण कंजर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था, जिसे ग्राम चिताबड़ा से दस्तयाब कर न्यायालय में पेश किया गया।
इनका रहा विशेष योगदान
पूरी कार्रवाई में सुनील बेनिवाल, नरेश कुमार एवं अनिल कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी
आमीन पुत्र जब्बार निवासी फकीर मोहल्ला बिजौलिया, अशफाक हुसैन पुत्र कालु निवासी फकीर बस्ती बिजौलिया, शाबीर पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी फकीर बस्ती बिजौलिया तथा सत्तु उर्फ सत्यनारायण कंजर निवासी बड़ा चिताबड़ा को गिरफ्तार किया गया है।
