बिरसा के शौर्य को नमन, अब राष्ट्र निर्माण की कमान आदिवासी समाज के हाथ : मोदी

खबर को शेयर करे :-

पीएम मोदी का संबोधन एलईडी स्क्रीन पर हुआ लाइव प्रसारित, विधायक गोपीचंद मीणा सहित जनप्रतिनिधियों ने दी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि

जहाजपुर । 15 नवंबर जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को नेहरू उद्यान में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सांस्कृतिक विरासत को याद किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना रहा।
नेहरू उद्यान पर लगाई गई विशाल एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस एवं बलिदान को नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जब-जब देश के सम्मान, स्वाभिमान और स्वराज की बात आई, तब-तब आदिवासी समाज सबसे आगे खड़ा रहा। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का नेतृत्वकर्ता बन रहा है।

खबर प्रसार टाइम्स

जनजातीय विकास के लिए बजट में बड़ी बढ़ोतरी

प्रधानमंत्री ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2013-14 में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 4,300 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर अब 15,500 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालयों की स्थापना, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और वन धन विकास केंद्रों जैसी पहलों को जनजातीय समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वर्तमान में 532 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में करीब 1 लाख 72 हजार विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वहीं वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से जनजातीय परिवारों को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।
पीएम जनधन और धरती आबा अभियान से गांवों को मिलेगी नई दिशा
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनधन) के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत देश के करीब 64 हजार
जनजातीय गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विकास की मुख्यधारा से दूर रहे जनजातीय परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

जनजातीय भाषा और संस्कृति के संरक्षण पर जोर

प्रधानमंत्री ने जनजातीय भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी महत्वपूर्ण बताया। आदि वाणी के माध्यम से जनजातीय भाषाओं के संरक्षण और अनुवाद की सुविधा विकसित की जा रही है। इसके साथ ही जनजातीय ज्ञान और परंपराओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक गोपीचंद मीणा, चेयरमैन प्रतिनिधि पवन वैष्णव, विकास अधिकारी सीताराम मीणा, किशोर शर्मा, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर ललिता शर्मा, पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड