जहाजपुर में चुनावी पारा चढ़ा, निर्दलीय बने दोनों दलों के लिए मुसीबत

खबर को शेयर करे :-

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) । नगर पालिका चुनाव को लेकर नगर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पालिका क्षेत्र में भाजपा व कांग्रेस दोनों ही पार्टियों द्वारा चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन का दौर चल रहा है। दोनों पार्टियों के बड़े नेता कार्यालयों का उद्घाटन कर कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं और भाषणों के जरिए मतदाताओं को साधने में जुटे हैं।

नगर में अभी तक सबसे ज्यादा चुनाव कार्यालय भाजपा के नजर आ रहे हैं। हर वार्ड में भाजपा ने अपने कार्यालय खोलकर चुनाव प्रचार में बढ़त बना रखी है, वहीं कांग्रेस भी पीछे नहीं है और लगातार कार्यालयों का उद्घाटन कर अपनी ताकत दिखा रही है।

नगर पालिका के 25 वार्डों में कांग्रेस भाजपा व आरएलपी के कुल 50 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है इस चुनाव में सबसे दिलचस्प भूमिका 46 निर्दलीय प्रत्याशियों की बन गई है। भाजपा से बागी हुए पुर्व चेयरमैन व निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा व कांता मीणा पूर्व कांग्रेस पार्षद नज़ीर मोहम्मद, नसीब दाद पठान, सानिया खानम, दिलदार मोहम्मद, रईश मोहम्मद, खुशनुमा बानों, कालू रेगर, प्रिया मीणा, लीला मीणा, अजय मीणा बिना बड़े मंच और भाषण के सीधे मतदाताओं से घर-घर जाकर संवाद कर रहे हैं। उनकी इस सीधी पहुंच ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के नेताओं की नींद उड़ा रखी है।

नगर पालिका क्षेत्र के 17 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला, 5 वार्डों में बीजेपी कांग्रेस में सीधी टक्कर, 2 वार्डों में कांग्रेस व निर्दलीय के व 1 वार्ड में निर्दलीय से निर्दलीय के सीधी टक्कर है। वार्ड नंबर 16 ऐसा वार्ड जहां पर निर्दलीय से निर्दलीय के बीच रोचक मुकाबला है इनके सामने पार्टी के टिकट वाले बोने नज़र आ रहे है। और वार्ड नंबर 4 ऐसा वार्ड है जहां भाजपा व निर्दलीय के बीच कांटे की टक्कर है इस वार्ड में कांग्रेस का कोई उम्मीदवार नहीं है।

चुनावी जानकारों का मानना है कि इस बार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी कड़ी टक्कर देंगे और पालिका अध्यक्ष के चुनाव में निर्णायक भूमिका भी निभा सकते हैं।

खबर को शेयर करे :-