भीलवाड़ा। नगर निगम भीलवाड़ा ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण बनाए रखने के लिए खाली पड़े आवंटित एवं नीलाम भूखण्डों के मालिकों को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। निगम ने भूखण्डधारियों को निर्धारित अवधि में साफ-सफाई करवाने और आवश्यक चारदीवारी का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर भूखण्ड का आवंटन निरस्त कर उसे निगम के कब्जे में लेने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर की निगम सीमा में स्थित कई रिक्त भूखण्डों में प्लास्टिक की थैलियां, कचरा, झाड़ियां, जंगली घास और अन्य गंदगी जमा रहती है। इससे आसपास के क्षेत्रों में गंदगी फैलने के साथ शहर की स्वच्छता और सुंदरता भी प्रभावित होती है।
निगम ने संबंधित भूखण्डधारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 7 दिवस के भीतर अपने भूखण्डों की साफ-सफाई करवाकर आवश्यक चारदीवारी का निर्माण सुनिश्चित करें, ताकि खुले भूखण्डों में कचरा जमा होने और गंदगी फैलने की समस्या पर अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में निर्देशों की पालना नहीं करने पर संबंधित भूखण्ड का आवंटन या नीलामी निरस्त करने तथा नियमानुसार भूखण्ड को नगर निगम के कब्जे में लेने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित भूखण्डधारी की होगी।
