भीलवाड़ा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोली समाज द्वारा झलकारी बाई सभागार में महिला बचत बैंक के गठन को लेकर समूह चर्चा का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और जरूरत के समय उन्हें कम ब्याज दर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने योजना के प्रति उत्साह जताते हुए 500 रुपये का अंशदान जमा करवाया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि जिन महिलाओं ने फॉर्म प्राप्त किए हैं, वे 13 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन शाम 8 बजे से 9:30 बजे के बीच अपना भरा हुआ फॉर्म और शुल्क जमा कर रसीद प्राप्त करें।
हर महीने बचत, जरूरत पर सस्ता ऋण
महिला बचत बैंक के अंतर्गत प्रत्येक सदस्य को हर माह 500 रुपये जमा करना अनिवार्य होगा। एकत्रित राशि के आधार पर तीन महिला सदस्यों को सिर्फ 1% फ्लैट ब्याज दर पर 1, 2 या 3 वर्ष की अवधि के लिए ऋण दिया जाएगा।
ऋण प्राप्त करने के लिए:
- दो महिला सदस्यों की गारंटी आवश्यक होगी
- प्राथमिकता इन स्थितियों में दी जाएगी:
- शोकाकुल परिस्थिति
- अस्पताल/चिकित्सा जरूरत
- शिक्षा
- मांगलिक कार्य
- अंतिम चयन लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा
बचत पर भी मिलेगा लाभ
- एक वर्ष की जमा राशि पर 0.50% ब्याज दिया जाएगा
- ऋण से प्राप्त ब्याज के वितरण का निर्णय वार्षिक आमसभा में होगा
- किस्त या अंशदान समय पर जमा नहीं करने पर पेनल्टी का प्रावधान भी रहेगा



कोली समाज विकास ट्रस्ट, भीलवाड़ा के सचिव मुरलीधर लोरवाडिया ने बताया कि महिला बचत बैंक के कोषाध्यक्ष के रूप में सुरेश चंद्र छापरिया को नियुक्त किया गया है।
बैठक में कोली समाज महिला संगठन की छोटी देवी, अंतिमा राजेश्वरी, सुनीता, शालिनी, जानकी, अंजना, कमला, विमला, राधा सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।
