महर्षि गौतम धर्मशाला की आमसभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित, चुनाव नियमों पर बनी सहमति

खबर को शेयर करे :-

धनोप माताजी में आयोजित बैठक में आय-व्यय विवरण और चुनाव प्रक्रिया पर हुई चर्चा

शाहपुरा (भीलवाड़ा) -राजेन्द्र खटीक।
फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र के धनोप माताजी स्थित महर्षि गौतम धर्मशाला में अध्यक्ष भगवतीलाल शर्मा की अध्यक्षता में कार्यकारिणी बैठक आयोजित हुई। बैठक में धर्मशाला के संचालन, वित्तीय स्थिति और आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में 15 मई 2026 तक का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार 10 दिसंबर 2023 से 15 मई 2026 तक धर्मशाला की कुल आय 3 लाख 66 हजार 244 रुपये रही, जबकि 1 लाख 49 हजार 100 रुपये की राशि बकाया बताई गई। इसी अवधि में कुल 39 लाख 47 हजार 806 रुपये का व्यय दर्ज किया गया। बकाया राशि वसूली के लिए जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि धर्मशाला बुक कराने वाले सदस्य को कार्यक्रम समाप्ति के 24 घंटे के भीतर परिसर को पूर्व स्थिति में लौटाना होगा। साथ ही धर्मशाला के बर्तन और अन्य सामग्री को परिसर से बाहर ले जाने पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक में धनोप माता ट्रस्ट को थ्री-फेज विद्युत कनेक्शन के लिए 25 हजार रुपये सहयोग राशि देने का निर्णय लिया गया।

चुनाव प्रक्रिया के लिए बने नए नियम

आगामी चुनावों को लेकर बैठक में कई महत्वपूर्ण नियम तय किए गए। अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए 51 हजार रुपये तथा मतदान करने के लिए 11 हजार रुपये की भामाशाह रसीद अनिवार्य होगी। पात्रता के लिए पूर्व और वर्तमान दोनों रसीदों का योग मान्य रहेगा तथा 31 अगस्त 2026 तक रसीद कटवाना जरूरी होगा।

इसके अलावा यह भी तय किया गया कि चुनाव के बाद निर्वाचित अध्यक्ष अपनी कार्यकारिणी मनोनीत कर सकेगा। यदि अध्यक्ष लगातार चार नियमित बैठकों में अनुपस्थित रहता है तो उसे स्वतः पदमुक्त माना जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विवाह और मौसर के दौरान प्राप्त सहयोग राशि को चुनावी पात्रता में शामिल नहीं किया जाएगा। एक रसीद पर एक से अधिक नाम होने की स्थिति में केवल एक व्यक्ति को मतदान का अधिकार मिलेगा।

कार्यकारिणी ने 31 दिसंबर 2026 से पूर्व मतदाता सूची तैयार कर चुनाव संपन्न कराने का प्रस्ताव भी पारित किया।

कोषाध्यक्ष पद पर नई नियुक्तियां

बैठक में वर्तमान कोषाध्यक्ष अभिषेक व्यास राज्यास का त्यागपत्र स्वीकार किया गया। इसके बाद आगामी चुनाव तक शिवचरण तिवाड़ी को कोषाध्यक्ष और सुनील जोशी को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

बैठक के अंत में समाज हित और धर्मशाला के सुचारू संचालन के लिए सभी सदस्यों ने सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।

खबर को शेयर करे :-