1000 रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, एसीबी की ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथों पकड़ा गया

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 27 जून। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भीलवाड़ा प्रथम इकाई ने शनिवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए करेडा तहसील के पटवार हल्का चिलेश्वर के पटवारी लोकेश जोशी को 1000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर की गई कार्रवाई के अनुसार परिवादी के पिता के निधन के बाद कृषि भूमि का फौतगी नामांतरण खोलने के लिए आरोपी पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के अनुसार आरोपी पटवारी ने शुरुआत में 10,000 रुपये रिश्वत मांगी थी, जिसे बाद में 8,000 रुपये में तय किया गया। आरोप है कि आरोपी पहले ही 5,000 रुपये ले चुका था और शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

एसीबी द्वारा शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी से 1,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की तथा शेष 1,000 रुपये बाद में लेने की बात कही। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को परिवादी से 1,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि आरोपी की लोअर की जेब से बरामद की गई।

एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9413502834 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड