शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा- शाहपुरा में एक शादी समारोह के दौरान एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। नई मुस्कान सेवा संस्थान नशा मुक्ति केन्द्र के डायरेक्टर रामेश्वर पहाड़िया के सुपुत्र अरुण पहाड़िया संग लक्ष्मी डिडवानिया के विवाह समारोह में चन्देरिया परिवार ने नव दम्पति को डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर व संविधान की किताब भेंट कर एक अनूठी मिसाल पेश की।
मानपुरा वाले चन्देरिया परिवार के धनराज चन्देरिया की ओर से यह भेंट दी गई। इस अवसर पर धनराज चन्देरिया ने नव दम्पति को संदेश देते हुए कहा कि नए जीवन की राह में डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलना और संविधान का ज्ञान होना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान के कारण ही आज हम हर तरह से स्वतंत्र हैं। उन्हीं की वजह से हमें स्कूल में पढ़ने का, मंदिर में भगवान के दर्शन करने का और शादी में घोड़े पर बैठने का अधिकार मिला है। हमें कभी भी बाबा साहब के विचारों से नहीं भटकना चाहिए।
धनराज चन्देरिया ने कहा कि बाबा साहब ने कहा था – “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पियेगा वही दहाड़ेगा।” इसलिए हमें सबसे ज्यादा शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए और दूसरे नंबर पर अपने नए वैवाहिक जीवन पर ध्यान देना चाहिए। अगर हम शिक्षा पर फोकस करेंगे तो हर चीज हमें मिलना आसान होगी। शिक्षा से ही हम अपना परिवार सही तरह से चला पाएंगे।
इस वैवाहिक बंधन को आशीर्वाद देने के लिए चन्देरिया परिवार मानपुरा वालों से धनराज चन्देरिया, कंचन देवी, राजेन्द्र कुमार, सुशीला, सुरेन्द्र कुमार, ललिता, निल, हेतल, महिमा, गरिमा और दक्ष चन्देरिया उपस्थित रहे।
