बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव: भीलवाड़ा के सुरेशचंद्र श्रीमाली लगातार पांचवीं बार विजयी, अधिवक्ताओं में खुशी की लहर

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में भीलवाड़ा के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं वर्तमान में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन सुरेशचंद्र श्रीमाली को लगातार पांचवीं बार विजयी घोषित किया गया है। उनकी जीत की घोषणा के साथ ही भीलवाड़ा सहित पूरे मेवाड़ के अधिवक्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल है।

अधिवक्ता पीरू सिंह गौड़ ने बताया कि बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव अप्रैल माह में संपन्न हुए थे, जिनकी मतगणना पिछले तीन माह से लगातार जारी है। अब तक केवल पांच प्रत्याशी ही जीत के लिए आवश्यक 2,615 मतों का आंकड़ा पार कर सके हैं।

अब तक घोषित विजेताओं में पहले स्थान पर भीलवाड़ा के नीरज कुमार गुर्जर, दूसरे स्थान पर जयपुर के हरेंद्र सिंह सिनसिनवार, तीसरे स्थान पर उदयपुर के रतन सिंह राव, चौथे स्थान पर जयपुर के भुवनेश शर्मा तथा पांचवें स्थान पर भीलवाड़ा के सुरेशचंद्र श्रीमाली शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार बार काउंसिल ऑफ राजस्थान में कुल 18 पुरुष एवं 5 महिला अधिवक्ताओं का निर्वाचन होगा, जबकि 2 महिला अधिवक्ताओं का मनोनयन किया जाएगा। मतगणना का कार्य अभी जारी है और इसके अगले 7 से 10 दिनों में पूर्ण होने की संभावना है।

सुरेशचंद्र श्रीमाली की लगातार पांचवीं जीत पर भीलवाड़ा न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। समर्थकों ने इसे मेवाड़ के अधिवक्ताओं के विश्वास, एकता और सम्मान की जीत बताया। उनकी जीत का जश्न भीलवाड़ा सहित पूरे मेवाड़ और राजस्थान के विभिन्न न्यायालय परिसरों में मनाए जाने की तैयारियां की जा रही हैं।

खबर को शेयर करे :-