भीलवाड़ा, 25 जून। निर्जला ग्यारस के पावन अवसर पर बढ़लेश्वर महादेव मंदिर परिसर में गुरुवार शाम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से भगवान शिव का 111 कलशों के पवित्र जल से वैदिक मंत्रोच्चार एवं “ॐ नमः शिवाय” के सामूहिक जाप के बीच अभिषेक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष रामधुनी से हुआ, जिसमें महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। इसके बाद 111 कलशों में लाए गए पवित्र जल से शिवलिंग का सामूहिक अभिषेक किया गया।

अभिषेक के पश्चात भगवान बढ़लेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़लेश्वर महादेव मंदिर पर आए संकट के बीच समाज ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और मंदिर संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज अपनी धार्मिक धरोहरों और आराध्य देव के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित है।
आयोजन के समापन पर भामाशाहों के सहयोग से सभी श्रद्धालुओं को व्रतानुसार महाप्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी श्रद्धालुओं, मातृशक्ति, भामाशाहों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की यह एकजुटता बढ़लेश्वर महादेव मंदिर के संरक्षण और धार्मिक आस्था का प्रतीक है।
