उपकारागृह गंगापुर का निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुनीं

खबर को शेयर करे :-

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी

गंगापुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भीलवाड़ा की सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती रश्मि आर्य ने 26 अक्टूबर 2026 को उपकारागृह गंगापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए बिजली, पानी, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव रश्मि आर्य ने जेल में निरुद्ध नए बंदियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों से संवाद कर उनके मुकदमों से संबंधित समस्याओं एवं चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों को सुना। उन्होंने बंदियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उन्होंने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र बंदी विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के निजी सहायक दीपक अग्रवाल एवं तालुका विधिक सेवा समिति गंगापुर के सचिव निखिलेश जीनगर उपस्थित रहे। सचिव रश्मि आर्य ने उपकारागृह प्रभारी को जेल की व्यवस्थाओं एवं बंदियों की समस्याओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड