शाहपुरा (भीलवाड़ा), राजेन्द्र खटीक । शाहपुरा के कालिंजरी गेट क्षेत्र निवासी सोनू धाकड़ ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर भारतीय सेना में चयनित होकर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रशिक्षण पूरा कर पहली बार शाहपुरा लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
अखिल भारतीय धाकड़ समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर लाल धाकड़ ने बताया कि सोनू के पिता खाना राम धाकड़ टेंपो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई और सेना में भर्ती के सपने को पूरा करने में हर संभव सहयोग किया।
सोनू धाकड़ ने अपने पिता के संघर्ष को प्रेरणा बनाकर भारतीय सेना में भर्ती होने का लक्ष्य तय किया। प्रतिदिन सुबह 3 बजे उठकर दौड़ लगाना, नियमित व्यायाम करना और शारीरिक एवं मानसिक रूप से खुद को तैयार करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा। इसी निरंतर मेहनत और अनुशासन का परिणाम रहा कि उनका चयन भारतीय सेना में हुआ।
उन्होंने एएससी सेंटर (नॉर्थ), बेंगलुरु में 5 जनवरी से 21 जून तक छह माह का कठोर सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। 10वीं उत्तीर्ण बैच के आधार पर सेना में चयनित सोनू शैक्षणिक रूप से 12वीं पास हैं। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
प्रशिक्षण के बाद पहली बार शाहपुरा पहुंचने पर सोनू धाकड़ के सम्मान में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस धाकड़ समाज के लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर कालिंजरी गेट, शिक्षक कॉलोनी होते हुए उनके निवास तक पहुंचा। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे लगाए गए तथा नागरिकों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
स्वागत समारोह के दौरान जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। लोगों ने मिठाइयां बांटी, आतिशबाजी की और सेना में चयन पर खुशी व्यक्त की। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, परिजन और क्षेत्रवासी इस अवसर पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि एक टेंपो चालक के बेटे का भारतीय सेना में चयन इस बात का प्रमाण है कि कठिन परिस्थितियां भी मेहनत और मजबूत इरादों के आगे बाधा नहीं बन सकतीं। सोनू धाकड़ की सफलता ने क्षेत्र के युवाओं में देशसेवा का नया उत्साह पैदा किया है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर लाल धाकड़, खाना राम धाकड़, भगवत सिंह लूलास, भेरूलाल धाकड़, मगनलाल धाकड़, हितेश धाकड़, मोतीलाल धाकड़, राजूलाल धाकड़, शोभालाल धाकड़, शंकरलाल धाकड़, गौरव धाकड़, धनराज धाकड़, रामलाल धाकड़, कैलाश पटेल, हेमराज धाकड़, किशन धाकड़ सहित समाज के गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
