धीरज गुर्जर के जन्मदिवस पर चलेगा ‘गोमाता राष्ट्रमाता संकल्प अभियान’

खबर को शेयर करे :-

11 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में संकल्प अभियान, संत सम्मान, शिव-नंदी अभिषेक और भीलवाड़ा में होगा विशाल संकल्प समारोह

भीलवाड़ा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव, मेवाड़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री धर्मवीर धीरज गुर्जर का जन्मदिवस इस वर्ष ‘गोमाता राष्ट्रमाता संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जाएगा। 11 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि अभियान का मुख्य आयोजन 15 अगस्त को भीलवाड़ा में होगा।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवराम खटीक (जीपी) ने बताया कि धीरज गुर्जर का जन्मोत्सव हर वर्ष जनसेवा, सामाजिक समरसता और धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया जाता रहा है। इस बार उनके समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, गौभक्तों और सामाजिक संगठनों ने इसे जनजागरण अभियान का स्वरूप देने का निर्णय लिया है। अभियान का उद्देश्य गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना और गौ संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 11 अगस्त को प्रदेशभर में ‘गोमाता राष्ट्रमाता संकल्प यज्ञ’ से होगी। जिला मुख्यालयों पर यज्ञ के बाद राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

13 अगस्त को संत-महात्माओं, गोसेवकों, गोशाला संचालकों एवं गौभक्तों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तुलसी, नीम, पीपल सहित विभिन्न पौधों का वितरण एवं पौधारोपण किया जाएगा।

14 अगस्त को सावन मास के उपलक्ष्य में प्रदेश के विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव एवं नंदी महाराज का अभिषेक और विशेष पूजन होगा। इस दौरान गौवंश की रक्षा, राष्ट्र की समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की जाएगी।

अभियान का समापन 15 अगस्त को भीलवाड़ा में आयोजित ‘गोमाता राष्ट्रमाता संकल्प समारोह’ के साथ होगा। समारोह में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से संत-महात्मा, गौभक्त, कांग्रेस कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग की जाएगी।

शिवराम खटीक ने कहा कि यह अभियान केवल जन्मोत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गौ संरक्षण, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की।

खबर को शेयर करे :-