भीलवाड़ा। कोली समाज विकास ट्रस्ट, भीलवाड़ा द्वारा संचालित स्मृति पौधारोपण अभियान के अंतर्गत आज हिन्दू तीर्थ पथवारी माता जी परिसर, सांगानेरी गेट में स्वर्गीय दीपक गेंडावध एवं उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती कंचन देवी पत्नी स्व. नाथूलाल गेंडावध की पावन स्मृति में नीम का पौधा रोपित किया गया।
यह पौधा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महामंडलेश्वर पूज्य हंसराम जी उदासीन (हरिसेवा आश्रम) द्वारा शगुन स्वरूप प्रदान किया गया था। सावन की रिमझिम फुहारों के बीच गेंडावध परिवार के सदस्यों ने ग्राम व्यास जी के वैदिक मंत्रोच्चार एवं मार्गदर्शन में विधि-विधान से पौधारोपण कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कोली समाज विकास ट्रस्ट के सचिव मुरलीधर लोरवाडिया ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा शोकाकुल परिवारों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से “स्मृति पौधारोपण अभियान” निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज रोपा गया यह नीम का पौधा समय के साथ विशाल वृक्ष का रूप धारण करेगा और जब-जब श्रद्धालु पथवारी माता के दर्शन के लिए आएंगे, तब-तब स्व. दीपक एवं स्व. श्रीमती कंचन देवी गेंडावध की पुण्य स्मृतियाँ भी सजीव होती रहेंगी।
इस अवसर पर ट्रस्ट एवं समाज के पदाधिकारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में मोतीलाल आमेरिया, राकेश, देवलाल, नाथूलाल, प्रकाश, विनोद, जमना लाल, घनश्याम, साहिल, मुन्ना, देव, शनि , बिट्टू सहित गेंडावध परिवार के सदस्य एवं अनेक युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने गुरु परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और दिवंगत परिजनों की स्मृति को एक साथ जोड़ते हुए समाज के समक्ष सेवा एवं संस्कार का प्रेरणादायी संदेश प्रस्तुत किया।
गुरु पूर्णिमा के शगुन स्वरूप प्राप्त नीम का पौधा स्व. दीपक एवं श्रीमती कंचन देवी गेंडावध की स्मृति में रोपित
