779 वरिष्ठजनों को मिला जरूरत का सहारा, 4,838 निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित

खबर को शेयर करे :-

राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत नगर निगम सभागार में हुआ वितरण शिविर, सांसद दामोदर अग्रवाल और जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने लाभार्थियों को सौंपे उपकरण

भीलवाड़ा। वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देने के उद्देश्य से शनिवार को नगर निगम सभागार, भीलवाड़ा में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के 779 वरिष्ठ नागरिकों को कुल 4,838 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य करीब 70 लाख रुपये है।

भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित शिविर में सांसद दामोदर अग्रवाल और जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए।

वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर : सांसद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सम्मानजनक जीवन के लिए लगातार कार्य कर रही है। वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के माध्यम से जरूरतमंद वरिष्ठजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इससे उनका दैनिक जीवन आसान होने के साथ आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने पात्र वरिष्ठ नागरिकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कलक्टर

जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण मिलने से उन्हें दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। जिला प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

कलक्टर ने कहा कि ऐसी योजनाएं केवल सहायता देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक और सहज जीवन जीने में सक्षम बनाना इनका उद्देश्य है। उन्होंने एलिम्को और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की।

इन उपकरणों का हुआ वितरण

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण दिए गए। इनमें—

  • 246 कान की मशीन
  • 426 कमोड वाली कुर्सियां
  • 25 फोल्डेबल वॉकर
  • 1,472 घुटने के पट्टे
  • 741 कमर के पट्टे
  • 548 सिलिकॉन कुशन
  • 377 स्पाइनल सपोर्ट
  • 124 चार पैरों वाली छड़ियां
  • 181 तीन पैरों वाली छड़ियां
  • 407 सामान्य छड़ियां
  • 45 बैठने वाली छड़ियां
  • 246 व्हीलचेयर

इस प्रकार कुल 4,838 सहायक उपकरण 779 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध करवाए गए।

20 से 25 जुलाई तक हुआ था आकलन

राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाते हैं। इसके लिए पात्रता और उपकरणों की आवश्यकता का निर्धारित प्रक्रिया के तहत आकलन किया जाता है।

भीलवाड़ा जिले में पात्र लाभार्थियों के आकलन के लिए 20 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक शिविर आयोजित किए गए थे। इन शिविरों में चिन्हित किए गए पात्र लाभार्थियों को शनिवार को नगर निगम सभागार में आयोजित वितरण शिविर में उपकरण प्रदान किए गए। पात्रता के लिए आधार कार्ड तथा आय प्रमाण पत्र या पेंशन प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर लाभार्थियों का चयन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राम अवतार जाट, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नूतन कुमार शर्मा, एलिम्को से ललित कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। मंच संचालन अशोक व्यास ने किया।

इस अवसर पर जितेंद्र कुमार पाराशर, प्रेमस्वरूप गर्ग, गौतम शर्मा, रामानुज सारस्वत, नंदलाल माली, जगदीश, ओमप्रकाश पाराशर, आरती कोगटा त्रिपाठी, मुकेश, छोटूलाल पुरबिया, विमल जैन, कैलाश सुवालका, हेमेन्द्र सिंह, देवेंद्र ढाणी, हरीश, दीपक पाराशर, विनोद झुरानी, अनिल अग्रवाल, हीरालाल बोहरा, प्रेम बिश्नोई, पूरण डीडवानिया, लोकेश पाराशर एवं नारायण जाट सहित अन्य उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-