हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेगा भीलवाड़ा: 9 अगस्त को निकलेगी 51 फीट की भव्य कांवड़ यात्रा, 5000 शिवभक्त होंगे शामिल

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा।श्रावण मास के पावन अवसर पर भीलवाड़ा में 9 अगस्त (रविवार) को आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति के तत्वावधान एवं परम पूज्य श्री श्री 108 महंत मोहन शरण शास्त्री जी महाराज के सानिध्य में विशाल, भव्य एवं दिव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा में करीब 5000 शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 51 फीट ऊंची भव्य कांवड़ इस वर्ष का मुख्य आकर्षण रहेगी।

यात्रा सुबह 8:30 बजे निंबार्क आश्रम, गांधीनगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए हरणी महादेव मंदिर पहुंचेगी। यहां देश के विभिन्न पवित्र तीर्थस्थलों से लाए गए पावन जल से भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया जाएगा।

महंत मोहन शरण शास्त्री जी महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यात्रा के माध्यम से समाज में धार्मिक जागरूकता, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।

मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि यात्रा के दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा शहर शिवमय हो जाएगा। सभी कांवड़िए नंगे पैर यात्रा करेंगे, जिनमें महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षा, भजन-कीर्तन और प्रसादी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। हरणी महादेव मंदिर पहुंचने के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

समिति के अध्यक्ष अरुण राय ने सभी शिवभक्तों और धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में संरक्षक विजयानंद झा, आनंद राय, एच.एल. बघेल, अशोक सिंह, सचिव ओम प्रकाश सिंह, हंसराज यादव, संतोष झा सहित समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड