शिवभक्ति की गूंज से गुंजायमान हुआ भीलवाड़ा, 7 हजार श्रद्धालुओं ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा

खबर को शेयर करे :-

निंबार्क आश्रम से हरणी महादेव मंदिर तक निकली विशाल यात्रा, 51 फीट की भव्य कांवड़ रही आकर्षण का केंद्र

भीलवाड़ा। श्रावण मास के पावन अवसर पर पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति, भीलवाड़ा के तत्वावधान में रविवार को निंबार्क आश्रम, गांधीनगर से हरणी महादेव मंदिर तक विशाल एवं भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 7 हजार शिवभक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। इस दौरान 51 फीट की भव्य कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। हजारों शिवभक्तों के जनसैलाब से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

यात्रा का शुभारंभ पूज्य महंत श्री 108 मोहन शरण जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद में हुआ। इस अवसर पर महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज, महामंडलेश्वर महंत बाबूगिरी महाराज, महंत बनवारी शरण काठिया बाबा, पंडित मुरारी पांडे एवं सागर दास जी महाराज हमीरगढ़ सहित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने तिरंगा झंडी दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया।

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर

कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। ढोल-नगाड़ों, भजन मंडलियों और धार्मिक गीतों से पूरा यात्रा मार्ग शिवभक्ति में डूबा नजर आया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

51 फीट की विशाल कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण रही। इसे देखने के लिए यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जगह-जगह सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा समाजसेवियों द्वारा कांवड़ यात्रा का स्वागत किया गया।

हरणी महादेव मंदिर में हुआ जलाभिषेक

कांवड़ यात्रा के हरणी महादेव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। शिव आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों शिवभक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।

पेयजल और चिकित्सा सहित की गई व्यवस्थाएं

समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, भजन मंडलियों, सुरक्षा एवं प्रसादी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। यात्रा को व्यवस्थित और सफल बनाने में प्रशासन के साथ स्वयंसेवकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

समिति अध्यक्ष अरुण राय ने कांवड़ यात्रा की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं, सहयोगी संस्थाओं, प्रशासन, पत्रकारों, भजन मंडलियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आस्था, ऊर्जा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम रहा।

यात्रा का निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट, निम्बार्क सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और समाजसेवियों द्वारा मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

आयोजन में समिति संरक्षक एच.एल. बघेल, आनंद राय, डॉ. अशोक सिंह, उमेश शुक्ला, सचिव ओमप्रकाश सिंह, रोशन सिंह, सुरेश चंद्रवंशी, हंसराज यादव, विनोद सिंह, राजीव कुमार सिंह एवं कामेश्वर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समिति पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड