शांति विहार कॉलोनी में सड़क, नाली, पानी और स्ट्रीट लाइट की समस्या, बस स्टॉप की भी मांग

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा)|राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा-भीलवाड़ा रोड स्थित चौधरी पेट्रोल पम्प एवं मणियार कॉटेज के पास वार्ड नंबर 12 की शांति विहार कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से कॉलोनीवासी परेशान हैं। बारिश के दिनों में सीसी सड़क और नालियां नहीं होने के कारण कॉलोनी की गलियों में कीचड़ फैल जाता है। इससे आमजन के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।कॉलोनीवासियों ने बताया कि बरसात के दौरान रास्तों पर कीचड़ जमा होने से बच्चों के जूते और स्कूल ड्रेस खराब हो जाते हैं। मजदूरी एवं अन्य कार्यों के लिए घरों से निकलने वाले लोगों को भी आवागमन में दिक्कत होती है। घरों से निकलने वाला नहाने, कपड़े एवं बर्तन धोने का पानी भी सड़कों पर फैलने से समस्या और गंभीर हो जाती है। लंबे समय तक पानी व कीचड़ जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने तथा बीमारियों का खतरा बना रहता है।

चौधरी पेट्रोल पम्प से मणियार कॉटेज तक नाले की मांग

कॉलोनीवासियों ने चौधरी पेट्रोल पम्प से मणियार कॉटेज तक सड़क किनारे नाले का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि थाने से चौधरी पेट्रोल पम्प तक बनाए गए डिवाइडर के पास भी उचित नाला बनाया जाए, ताकि कॉलोनी से निकलने वाले पानी की निकासी हो सके। बरसात के समय आसपास का पानी मुख्य सड़क पर आने से भी जलभराव की स्थिति बनती है।

रात में अंधेरे में रहती है कॉलोनी

स्थानीय लोगों के अनुसार शांति विहार कॉलोनी में पर्याप्त रोड लाइट की व्यवस्था नहीं है। रात के समय पूरी कॉलोनी अंधेरे में डूबी रहती है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। लोगों ने कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।

पेयजल के लिए हैंडपंप लगाने की मांग

कॉलोनी में पेयजल की समस्या भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक चंबल का पानी कॉलोनी तक नहीं पहुंचा है और यहां कोई हैंडपंप भी नहीं है। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। कॉलोनीवासियों ने सार्वजनिक हैंडपंप लगाने तथा पेयजल व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है।

चौधरी पेट्रोल पम्प पर बस स्टॉप की मांग

कॉलोनीवासियों ने चौधरी पेट्रोल पम्प के पास बस स्टॉप बनाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि शांति विहार, शिवपुरा सहित आसपास की कॉलोनियों के लोगों को बस पकड़ने के लिए करीब दो किलोमीटर दूर शाहपुरा बस स्टैंड तक जाना पड़ता है। चौधरी पेट्रोल पम्प के पास बस स्टॉप बनने से स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

कॉलोनीवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से सीसी रोड, नाली निर्माण, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप और बस स्टॉप जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

खबर को शेयर करे :-