भीलवाड़ा/हैदराबाद। टेक्सटाइल उद्योग में उत्कृष्ट योगदान के लिए भीलवाड़ा के उद्योगपति डॉ. एस. एन. मोदानी को वर्ष 2026 का ग्लोबल टेक्सटाइल लीडरशिप लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (CITI) द्वारा आयोजित 13वें एशियन टेक्सटाइल कॉन्फ्रेंस (ATEXCON 2026) के दौरान दिया गया।सम्मान समारोह 2 अप्रैल को हैदराबाद स्थित होटल नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित हुआ, जिसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी की उपस्थिति रही। डॉ. मोदानी को यह पुरस्कार तेलंगाना के हैंडलूम एवं टेक्सटाइल मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव तथा आईटी, इंडस्ट्री एवं कॉमर्स मंत्री डी. श्रीधर बाबू द्वारा प्रदान किया गया।डॉ. मोदानी, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स एसोसिएशन (RTMA) के चेयरमैन एवं संगम ग्रुप, भीलवाड़ा के वाइस चेयरमैन हैं। उन्हें यह सम्मान टेक्सटाइल उद्योग में नवाचार, विकास और परिवर्तन में उनके दीर्घकालिक योगदान तथा नेतृत्व के लिए दिया गया है। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।संगम ग्रुप के पीआरओ डॉ. राजकुमार जैन ने बताया कि यह सम्मान डॉ. मोदानी के आजीवन समर्पण और उद्योग में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का प्रतीक है। सम्मेलन के दौरान डॉ. मोदानी ने पैनल चर्चा में भाग लेते हुए अपने विचार भी साझा किए।इस उपलब्धि पर देश-विदेश के उद्योगपतियों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने डॉ. मोदानी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
