सुबह की खामोशी में खूनखराबा: शौच के लिए निकली महिला पर धारदार हमला, जेवर काटकर भागे बदमाश

खबर को शेयर करे :-


पुर/भीलवाड़ा। उपनगर पुर के चुंगी नाका क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शौच के लिए घर से बाहर निकली एक महिला पर अज्ञात बदमाश ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसके सोने के जेवर लूटकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार चुंगी नाका निवासी कमला जाट पत्नी श्यामलाल जाट सुबह घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान शाकंभरी माता मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाश ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावर ने महिला की नाक पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही अचेत हो गई।
परिजनों के अनुसार हमले में महिला की नाक और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसकी नाक पर पांच और गाल पर पांच टांके लगाए हैं। वारदात के दौरान आरोपी महिला के गले में पहनी सोने की रामनामी और मादलिया काटकर ले गया। घायल महिला फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुंगी नाका और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चोरी-लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आमजन, खासकर सुबह के समय महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड