पीएम श्री विद्यालय बापूनगर की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और अनुशासन से प्रभावित हुए सहायक निदेशक

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। पीएम श्री विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान जयपुर से आए सहायक निदेशक श्री योगेश उपाध्याय ने पीएम श्री विद्यालय बापूनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, व्यवस्थाओं, स्वच्छता, अभिलेख संधारण एवं छात्राओं के अनुशासन का अवलोकन किया।

संस्था प्रधान सुनीता नानकानी ने बताया कि निरीक्षण के पश्चात सहायक निदेशक ने विद्यालय की समग्र कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में अनुशासन का स्तर अत्यंत उत्कृष्ट है तथा समस्त स्टाफ का टीमवर्क प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षक पूर्ण समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के व्यवहार और शैक्षणिक वातावरण में स्पष्ट दिखाई देता है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएम श्री विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, जिनमें अभिरुचि शिविर, बाल वाटिका, आई कार्ड, पोर्टफोलियो, स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, संविधान कक्ष, व्यावसायिक शिक्षा एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शामिल हैं, का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक रामेश्वर लाल जीनगर, पीएम श्री प्रभारी गौरव कुमारी, सह प्रभारी सीमा जेठिया, मीनाक्षी सुहील तथा कार्यालय प्रभारी श्री विकास कुमार पितलिया उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-